कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग में घोटाले का किया पर्दाफाश, सीबीआई जांच की मांग

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने शनिवार को राजीव भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में वैन फाइंडर सहित कई बेशकीमती मशीनों की खरीद में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की ये मशीनें आज भी धूल फांक रही हैं और मरीजों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

श्री माहरा ने बताया कि पांच करोड़ 81 लाख रुपये की एक मशीन के हिसाब से कुल 30 करोड़ रुपये की पांच मशीनें खरीदी गईं, लेकिन भुगतान के बाद भी उन्हें अब तक स्थापित नहीं किया गया है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा, “50,000 रुपये की एक मशीन को साढ़े चार लाख रुपये के स्टैंड पर खड़ा किया गया, जिससे उसकी कुल लागत पांच लाख रुपये हो गई। फिर भी मरीज इससे वंचित हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि चीन से खरीदी गई इन मशीनों में मानकों की अनदेखी की गई और ‘मेक इन इंडिया’ को दरकिनार किया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री और विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सहकारिता और स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्तियों और इन मशीनों की खरीद की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस पर जवाब देने और भर्तियों पर श्वेत पत्र जारी करने से मना करती है, तो पार्टी प्रदेश भर में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश का कोई भी विभाग भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है और सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि बड़ी खरीद के लिए केंद्र सरकार की सीबीसी गाइडलाइन की अनदेखी की गई है।

पार्टी के उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि अग्निवीर योजना को समाप्त करने और पुरानी सैन्य भर्ती प्रक्रिया बहाल करने की मांग को लेकर पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रत्न सिंह नेगी के नेतृत्व में एक रथयात्रा को प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और गणेश गोदियाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथयात्रा पूरे प्रदेश में जनजागरण करेगी।

इस पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments