जॉर्ज एवरेस्ट पार्क आवंटन घोटाले के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर, प्रदेशभर में पुतला दहन 

देहरादून। मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट पार्क को मनमाने ढंग से आचार्य बालकृष्ण की कंपनियों को लीज़ पर देने के प्रकरण ने उत्तराखंड की सियासत में भूचाल ला दिया है। कांग्रेस ने रविवार को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर राज्य सरकार का पुतला फूंका और मांग की कि इस पूरे “आवंटन घोटाले” की उच्च स्तरीय जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए। कांग्रेस ने साफ कहा कि जब तक जांच की आधिकारिक घोषणा नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। राज्यपाल से भी कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल, प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में मुलाकात करेगा। 

धस्माना का बड़ा हमला
राजधानी देहरादून में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्मानाऔर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने किया। कांग्रेसजनों ने पहले कांग्रेस मुख्यालय से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और फिर क्वालिटी चौक पर राज्य सरकार का पुतला जलाया। 
धस्माना ने आरोप लगाया कि जॉर्ज एवरेस्ट पार्क आवंटन घोटाला अब तक के सभी भ्रष्टाचार रिकॉर्ड तोड़ चुका है। यह घोटाला 30 हजार करोड़ से 50 हजार करोड़ रुपये तक का बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब मिलीभगत से हुआ और इसमें किसके इशारे पर किन-किन लोगों की संलिप्तता रही, यह जांच से ही स्पष्ट होगा। 

धस्माना ने आरोप लगाया कि बाबा रामदेव के करीबी आचार्य बालकृष्ण की सहयोगी कंपनियां “प्रकृति ऑर्गेनिक्स” और “भरुवा एग्रो साइंस” अक्टूबर 2023 में राजस एयरोस्पोर्ट्स में 17.43% और 33.25% हिस्सेदारी लेकर शामिल हुईं। इनके अलावा भरुवा सॉल्यूशन, पतंजलि रेवोल्यूशन और फिट इंडिया ऑर्गेनिक जैसी कंपनियों ने भी राजस एयरोस्पोर्ट्स में निवेश किया। 

उन्होंने टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि उच्चतम बोली लगाने वाली कंपनी सिर्फ 1 करोड़ रुपये वार्षिक शुल्क पर पार्क को 15 साल के लिए लीज़ पर ले गई, जबकि इसमें आगे और 15 साल तक बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया। उन्होंने पूछा कि इतने बड़े प्रोजेक्ट का न तो ग्लोबल टेंडर क्यों हुआ, न ही टेंडर राष्ट्रीय अखबारों में प्रकाशित किए गए। धस्माना के अनुसार यह तय प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। 

पार्क आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल
कांग्रेस ने खुलासा किया कि जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट पार्क (स्थापना वर्ष 1832, सर जॉर्ज एवरेस्ट), 2021 में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (UTDB) द्वारा पायलट आधार पर राजस एयरोस्पोर्ट्स को दिया गया था। बाद में दिसंबर 2022 में इसे 15 वर्ष की लीज़ और तीन गुना विस्तार विकल्प के साथ देने का प्रस्ताव रखा गया। फरवरी 2023 में इसका RFP जारी हुआ और बोली में— 

– राजस एयरोस्पोर्ट्स ने प्रति वर्ष ₹1 करोड़ की पेशकश की 

– भरुवा एग्रो साइंस ने ₹65.68 लाख 

– प्रकृति ऑर्गेनिक्स ने ₹1.05 करोड़ की बोली लगाई 

फिर भी पार्क राजस एयरोस्पोर्ट्स को गया, जिसकी शेयरधारिता बाद में आचार्य बालकृष्ण के नेटवर्क की कंपनियों के पास आ गई। धस्माना ने इसे “सरकार और बालकृष्ण की कंपनियों की मिलीभगत” बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ेगी। 

कांग्रेस का आक्रोश और आंदोलन का ऐलान
महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि बेरोजगारों के पेपर लीक से लेकर भर्ती घोटालों, खनन और शराब घोटाले तक इस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप पहले ही लगे हैं। अब जॉर्ज एवरेस्ट पार्क प्रकरण उजागर होने से स्पष्ट हो गया है कि “प्रदेश सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।” उन्होंने कहा कि जनता को इस सरकार से मुक्त कराने के लिए कांग्रेस संघर्ष करेगी और अब कार्यकर्ता आर-पार की लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़ने को तैयार हैं।
 
प्रदेशभर में पुतला दहन और कांग्रेस का जत्था
राजधानी देहरादून सहित सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले फूंके। देहरादून के जुलूस में वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी—प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, महामंत्री जगदीश धीमान, मनीष नागपाल, आलोक मेहता, विपुल नौटियाल, कर्नल राम रतन नेगी, कैप्टेन सुबन सिंह सजवान, गोपाल सिंह गादिया, वीरेंद्र पवार, मुकेश सोनकर, मनीष गर्ग, गौरव शर्मा, नीतेश राजोरिया, कमर सिद्दीकी, अर्जुन शर्मा, पुनीत चौधरी, ललित बद्री, सईद जमाल, मदन मोहन, कवि दयाल, चंद्रपाल, सावित्री थापा, मान सिंह, सुशील धीमन, रोहित मित्तल, रोबिन त्यागी, सूरज छेत्री, आदर्श सूद, राजकुमार जायसवाल, अनिल बसन्नैय, विजय शाही, अमनदीप सिंह, अरुण बलूनी, अनूप सिंह, गुरुनैन सिंह, प्रवीण भारद्वाज, अमल अहमद, राजेश उनियाल, दिग्विजय चौहान समेत कई नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना की बाइट

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments