

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच का कथित धार्मिक अनुष्ठान कर ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार, 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच और घेराव का ऐलान किया है। पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा भी शामिल होंगी। वह तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच रही हैं और इस दौरान पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठकें भी करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि हल्द्वानी की घटना के विरोध में 7 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। कांग्रेस इस पूरे मामले को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान बताते हुए इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि सार्वजनिक मंच का इस तरह कथित ‘शुद्धिकरण’ किया जाना आपत्तिजनक है और इसे लेकर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस मुद्दे को राज्यसभा में उठा चुके हैं।
इधर, कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के आगामी दौरों की भी तैयारी शुरू कर दी है। गणेश गोदियाल के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। प्रदेश में मानसून का दौर समाप्त होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा कर इन नेताओं के कार्यक्रम और रैलियों की तारीखों को अंतिम रूप दिया जाएगा। कांग्रेस इन प्रस्तावित दौरों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है।
गौरतलब है कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा समाप्त होने के बाद कुछ लोगों द्वारा मंच पर धार्मिक अनुष्ठान कर कथित तौर पर उसका ‘शुद्धिकरण’ किया गया था। घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक और सामाजिक रूप से गंभीर मामला बताते हुए विरोध जताया। अब पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरने का फैसला किया है और सोमवार को होने वाला मुख्यमंत्री आवास कूच प्रदेश की राजनीति में इस विवाद को लेकर कांग्रेस के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

Recent Comments