

देहरादून। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून द्वारा जय कम्युनिटी सेंटर सेलाकुई और पीएम श्री शहीद सत्येंद्र चौहान अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज सेलाकुई में बहुउद्देशीय विधिक सेवाएं एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य न्यायाधीश उत्तराखंड उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की गरिमामयी उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय आरके खुल्बे, सदस्य सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार मणि, जिलाधिकारी आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट सहित न्यायिक अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

संस्कृति विभाग के कलाकारों ने सरस्वती वंदना और लोक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक न्याय और योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
मुख्य न्यायाधीश ने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी उड़ता पंजाब मूवी की तरह नशे में बर्बाद न हो, युवाओं को ड्रग से बचाना है। अभिभावकों को बच्चों पर ध्यान देना होगा। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
मुख्य न्यायाधीश के कर कमलों से 4 विद्यालयों को कंप्यूटर, यूपीएस व प्रिंटर, 5 विद्यालयों को आरओ वाटर प्यूरीफायर और वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं व 12वीं के मेधावी छात्रों को टैबलेट प्रदान किए गए। जरूरतमंदों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, ट्रैक सूट, कंबल, मेडिकल किट, महालक्ष्मी किट, बेबी किट तथा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर और श्रवण यंत्र वितरित किए गए। स्वच्छता में सहयोग करने वाले 12 पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।

शिविर में 40 से अधिक विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्राफिक एरा, सीमा डेंटल कॉलेज और राही नेत्रधाम द्वारा स्वास्थ्य शिविर में शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन, ईसीजी जांच, दंत और नेत्र जांच कर निशुल्क दवा और चश्मे वितरित किए गए। शिविर में 2000 से अधिक लाभार्थी विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए और करीब 3500 लोगों ने प्रतिभाग किया।

Recent Comments