
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस टिहरी में दलित युवक की हत्या के मामले को बेवजह तूल दे रही है, जबकि आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि टिहरी और विकासनगर के वैरागीवाला की घटनाओं में कोई समानता नहीं है।
चौहान ने कहा कि टिहरी की घटना दो परिवारों की रंजिश का मामला है, जबकि वैरागीवाला में युवक की हत्या मॉब लिंचिंग में हुई थी। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज और जांच में यह स्पष्ट है। मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एक दर्जन से अधिक लोग नामजद हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति के तहत दोनों घटनाओं को एक जैसा बताकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। चौहान ने कहा कि टिहरी मामले में पुलिस ने समय पर कानूनी कार्रवाई की है और भाजपा राज्य में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के पक्ष में है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है, लेकिन उत्तराखंड में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Recent Comments