
हरिद्वार। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए जनपद हरिद्वार में 17 जून से 20 जून 2026 तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शिविरों की तिथियों को अंतिम रूप देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे इन शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समेत अन्य योजनाओं के पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कर उन्हें तुरंत लाभान्वित किया जाएगा।
शिविरों में इन योजनाओं की मिलेगी जानकारी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिविर स्थल पर नोडल एवं सहायक अधिकारियों की तैनाती की जाए। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लें।
शहरी क्षेत्रों में शिविरों का कार्यक्रम
- 17 जून 2026: नगर निगम हरिद्वार, शिवालिक नगर, पिरान कलियर
- 18 जून 2026: नगर निगम रुड़की, नगर पालिका मंगलौर, नगर पंचायत इमली खेड़ा, रामपुर
- 19 जून 2026: नगर पालिका लक्सर, नगर पंचायत पाडली गुर्जर, डंडेरा, झबरेड़ा
- 20 जून 2026: नगर पालिका भगवानपुर, नगर पंचायत लंढौरा, सुल्तानपुर
ग्रामीण क्षेत्रों (विकास खंड) में शिविर
- 17 जून 2026: विकास खंड बहादराबाद, रुड़की
- 18 जून 2026: विकास खंड लक्सर
- 19 जून 2026: विकास खंड खानपुर, नारसन
- 20 जून 2026: विकास खंड भगवानपुर
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आने वाले लाभार्थियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए तथा कार्यक्रम के सफल संचालन की समयबद्ध रिपोर्ट एवं फोटोग्राफ उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से जनपद के अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य है।

Recent Comments