कांग्रेस का अग्निपथ योजना पर जोरदार हमला

योजना देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य पर सबसे बड़ा प्रहार : सूर्यकांत धस्माना

सतपुली। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अग्निपथ योजना के खिलाफ जनजागरण यात्रा आज सतपुली पहुंची, जहां आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की इस योजना को देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए खतरनाक बताया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि जैसे ही देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी, अग्निपथ योजना को समाप्त कर सेना में भर्ती पूर्व व्यवस्था के अनुसार बहाल की जाएगी।

धस्माना ने कहा कि फौज में नियमित भर्ती होने वाले सैनिक वर्षों के कठोर प्रशिक्षण और सेवा के दौरान युद्ध के लिए पूरी तरह सक्षम बनते हैं, जबकि अग्निपथ योजना के तहत चार वर्ष की अल्पकालिक सेवा पूरी कर सैनिक सेवा-निवृत्त हो जाते हैं। इससे न केवल सेना की युद्ध क्षमता प्रभावित होगी बल्कि युवाओं का मनोबल भी गिरेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सदैव वीरभूमि रही है, जहां लगभग हर घर से कोई न कोई सदस्य सेना या अर्द्धसैनिक बल में देश सेवा कर रहा है। ऐसे में अग्निपथ योजना का सर्वाधिक दुष्प्रभाव इसी प्रदेश के युवाओं पर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर आज तक हर युद्ध में उत्तराखण्ड के वीरों ने अपनी बहादुरी और बलिदान से इतिहास रचा है, परंतु भाजपा सरकार की इस योजना ने युवाओं के उत्साह और सैन्य परंपरा पर कुठाराघात किया है। युवा अब सेना भर्ती से दूरी बनाने लगे हैं, जो राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना न केवल देश की सुरक्षा के लिए विनाशकारी है, बल्कि यह युवाओं के आत्म-विश्वास को भी तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को न तो शहीद का दर्जा दिया जाता है और न ही उन्हें सैन्य सेवा की पूर्ण गरिमा प्राप्त होती है। ऐसे में कोई युवा यह सोचकर सेना में कैसे शामिल होगा कि चार साल बाद उसका भविष्य अनिश्चित है?

कार्यक्रम में विभाग के उपाध्यक्ष गोपाल गड़िया ने जानकारी दी कि जनजागरण रथ यात्रा को चार चरणों में गढ़वाल, कुमाऊं और तराई क्षेत्रों के सभी जिलों में ले जाया जाएगा ताकि युवा और आमजन इस योजना के दुष्परिणामों को समझ सकें।

सभा की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने की। उन्होंने कहा कि पौड़ी जनपद में पूर्व सैनिकों को एकजुट कर इस योजना के विरोध में जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर शेखर नेगी, सूबेदार रणधीर नेगी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजन रौतेला, पूर्व प्रधानाचार्य उमेद सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदीप सिंह नेगी, कैप्टन शोबन सिंह सजवान, आनंद सिंह पुंडीर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन हवलदार बलबीर सिंह पंवार ने किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments