प्रदेश उपाध्यक्ष धस्माना के नेतृत्व में मुख्य सचिव को सौंपा आक्रोश पत्र, कल प्रदेशभर में होंगे पुतले दहन
देहरादून । उत्तराखंड के चंपावत में पांच मई को नाबालिग लड़की के अपहरण और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सहित तीन आरोपियों द्वारा चाकू के बल पर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आज प्रदेश कांग्रेस ने तीखा हमला बोला। एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन को आक्रोश पत्र सौंपकर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
श्री धस्माना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई और राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा एवं बलात्कार की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
मुख्य सचिव से मुलाकात के दौरान श्री धस्माना ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बलात्कार, हत्या और अन्य अपराधों के मामले में उत्तराखंड देश के हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान पर खड़ा है, जिससे पूरा प्रदेश शर्मसार है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर चंपावत की अपहरण एवं दुष्कर्म घटना तक, अधिकांश मामलों में भाजपा के पदाधिकारी और सरकार में दायित्वधारी लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरतकर उन्हें बचने और जमानत का मौका दिया है।
श्री धस्माना ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अब महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले में चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने घोषणा की कि कल प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदेश सरकार का पुतला दहन करेंगे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी जांच कर रही सीबीआई खुद गायब हो गई और आज तक उसने उर्मिला सनावर और भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ तक नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं में व्याप्त भय के माहौल को खत्म करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे पुलिस और प्रशासन को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे।
प्रतिनिधिमंडल में श्री धस्माना के साथ डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान, प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल और अनुज दत्त शर्मा शामिल रहे।

Recent Comments