प्रतिमा सिंह ने कहा- अब धामी सरकार को देना होगा जवाब
देहरादून । उत्तराखंड के धराली क्षेत्र की भीषण आपदा को लेकर कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। पार्टी की वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ‘विज्ञापनों में स्वयं को सर्वश्रेष्ठ बताने में तुली है’, जबकि धराली आपदा में डेढ़ सौ से अधिक लोग अब भी मलबे में दबे हैं और उनके परिजन चीख-चीख कर अपनों की तलाश कर रहे हैं।
डॉ प्रतिमा सिंह ने एक बयान जारी कर कहा, “धराली आपदा हमारे प्रदेश और स्थानीय निवासियों के लिए एक कभी न भूलने वाला दर्द है। यह दर्द तब और गहरा हो जाता है, जब भाजपा के अपने ही नेता स्वीकार कर रहे हैं कि हम 150 से ज्यादा लोगों को मलबे से निकालने में अब तक असफल रहे हैं। यह भाजपा खुद ही अपने झूठ का पोल खोल रही है।”
उन्होंने कांग्रेस के रवैये के विपरीत सरकार की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि आपदा के बाद तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने प्रशासन की रोकने की हजारों कोशिशों के बावजूद मुश्किल हालात में वहां पहुंचकर पीड़ितों के दर्द में शामिल हुए थे। अब पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी धराली पहुंच रहे हैं।
“पहाड़ के दर्द को बखूबी समझने वाले गोदियाल जी धराली पहुंचकर पीड़ित परिवारों के बीच जाएंगे और उनके अपनों की तलाश में इस गूंगी-बहरी सरकार को गहरी नींद से जगाने का प्रयास करेंगे,” डॉ सिंह ने कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री धामी उन लोगों को भूल गए हैं, जो मलबे में दबे हैं। “अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के सवालों के जवाब धामी सरकार को देने होंगे, जो धराली आपदा में कान बंद करके सोई हुई है,” प्रतिमा सिंह ने चेतावनी दी।
माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल का धराली दौरा सरकार पर दबाव बनाने और राहत व बचाव कार्यों में हुई देरी व कमियों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करने की रणनीति का हिस्सा है। इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच जारी तनाव के आगे बढ़ने की आशंका है।

Recent Comments