लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी देहरादून को सौंपा शिकायती पत्र, कहा— लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हुआ उल्लंघन
देहरादून। दूरदर्शन के एंकर अशोक श्रीवास्तव द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में कांग्रेसजनों ने पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून से मुलाकात कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को एक शिकायती पत्र भी सौंपा।
एसएसपी देहरादून को दिए गए शिकायती पत्र में पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके खिलाफ देश के सरकारी चैनल दूरदर्शन पर इस प्रकार की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अशोक श्रीवास्तव ने न केवल एक सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, बल्कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक महत्व के पद पर आसीन व्यक्ति के लिए आपत्तिजनक, अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
लालचन्द शर्मा ने आरोप लगाया कि अशोक श्रीवास्तव ने कांग्रेस पार्टी के बारे में भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि पार्टी, विनायक दामोदर सावरकर के जूते की नोंक के बराबर नहीं है। इसके साथ ही, उन्होंने राहुल गांधी की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का बार-बार इस्तेमाल किया, जो न केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी विपरीत है।
उन्होंने कहा कि अशोक श्रीवास्तव की कथित अभद्र और अमर्यादित भाषा वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन में भारी रोष व्याप्त है। शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी से सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है और यह समाज तथा देश में वैमनस्यता फैलाने के षड्यंत्र जैसा प्रतीत होता है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वायरल वीडियो प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अशोक श्रीवास्तव के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणियों की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री विरेन्द्र पोखरियाल, एडवोकेट सुन्दर सिंह पुडीर, संदीप चमोली, दिनेश कौशल, हरेन्द्र बेदी, आशीष जोशी, विनोद कुमार, चन्द्रपाल, केवल किशन शर्मा, कमल किशोर शर्मा, संजय थापा और संजय शर्मा सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Recent Comments