कक्षों की कमी से झेल रहे थे 650 छात्र-छात्राएं परेशानी, पूर्व में भी बनवाया गया बड़ा हॉल
विकासनगर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ढालीपुर में कक्षों की कमी से जूझ रहे छात्रों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है। जन संघर्ष मोर्चा के प्रयासों से पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लि.) के CSR मद से विद्यालय में दो बड़े कक्षों के निर्माण के लिए 41 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह राशि फरवरी 2026 में जारी होगी।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि कुछ माह पूर्व विद्यालय प्रबंधन ने मोर्चा से दो बड़े कक्षों के निर्माण के लिए धन उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर उन्होंने पिटकुल प्रबंधन से CSR मद के तहत सहायता का आग्रह किया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। नेगी ने इसे मोर्चा की बड़ी उपलब्धि बताया।
उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय में करीब 650 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन पर्याप्त कक्ष न होने के कारण उन्हें भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। नेगी ने कहा कि दो नए कक्ष बनने से छात्रों की यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मोर्चा द्वारा यूजेविएनएल के CSR मद से इसी विद्यालय में एक बड़े हॉल का निर्माण कराया जा चुका है। मोर्चा छात्रों की हर सुख-सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है।

Recent Comments