

करोड़ों का भुगतान अटका, आर्थिक संकट की कगार पर पहुंचे ठेकेदार, सीएम को दिया 3 दिन का अल्टीमेटम खत्म
देहरादून, 1 सितंबर। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं में लंबे समय से भुगतान रुके होने के विरोध में उत्तराखंड के ठेकेदारों का गुस्सा फूट पड़ा है। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेशभर के ठेकेदार आज बुधवार 2 सितंबर को राजधानी देहरादून में सचिवालय कूच और विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन का आरोप है कि करोड़ों रुपये का भुगतान रुकने से ठेकेदार गंभीर आर्थिक मंदी की कगार पर पहुंच गए हैं और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि पिछले दिनों सचिव, पेयजल निगम के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री को समस्या के समाधान के लिए 3 दिन का समय दिया गया था। लेकिन शासन स्तर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। शासन की उदासीनता और बेरुखी से नाराज ठेकेदार अब सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।
एसोसिएशन के अनुसार आज 02 सितंबर को सुबह 11 बजे SWSM कार्यालय, इंदर रोड देहरादून में ठेकेदारों की जनसभा और संबोधन होगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वहां से सचिवालय की ओर कूच कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य मांग जल जीवन मिशन के तहत रुके सभी भुगतानों का तुरंत निपटारा और मुख्यमंत्री द्वारा इस पर स्पष्टीकरण है।
अग्रवाल ने कहा कि यह लड़ाई ठेकेदारों के हक और न्याय की है और मीडिया से आंदोलन को कवरेज देने की अपील की।

Recent Comments