

देहरादून। नगर निगम देहरादून में नागरिक सुविधाओं एवं संबंधित सेवाओं के सुचारु संचालन को लेकर आज नगर आयुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशा कंपनी द्वारा वर्तमान में संचालित विभिन्न कार्यों, उपलब्ध संसाधनों तथा सेवा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नागरिक सेवाओं की निरंतरता एवं सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मंगलवार को नगर निगम परिसर में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे की अध्यक्षता में निर्णय लिया गया कि नई कंपनी/एजेंसी के चयन अथवा वैकल्पिक व्यवस्था के प्रभावी रूप से लागू होने तक राशा कंपनी द्वारा वर्तमान कार्यों का संचालन पूर्ववत निरंतर किया जाएगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
इस मौके पर नगर आयुक्त द्वारा राशा कंपनी को निर्देशित किया गया कि संक्रमण अवधि के दौरान आवश्यक मानव संसाधन, वाहन एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित सेवा स्तर को बनाए रखा जाए। साथ ही, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नई कंपनी/एजेंसी अथवा वैकल्पिक व्यवस्था के प्रभावी होने के पश्चात राशा कंपनी द्वारा वर्तमान में संचालित कार्यों से संबंधित सभी अभिलेख, डेटा, संसाधन, वाहन, उपकरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विधिवत एवं पूर्ण हैंडओवर किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा पूरी संक्रमण एवं हैंडओवर प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी की जाएगी, ताकि नई व्यवस्था में परिवर्तन के दौरान भी नागरिक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहें।नगर निगम देहरादून का उद्देश्य नागरिकों को निरंतर, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस मौके पर बैठक में स्मार्ट सिटी के अधिकारी, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आनंद शुक्ला, उप नगर आयुक्त तनवीर मारवाह ,सहायक नगर आयुक्त राजवीर चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments