कांवड़ मेले में पहली बार साइबर कमांडो तैनात, तीन घंटे में होगी डिजिटल कार्रवाई

हरिद्वार । कांवड़ मेला-2026 में पहली बार साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे। भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो की पहचान कर उन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वीडिया को तीन घंटे में ही डीलिट भी करवा दिया जाएगा, कांवड़ के बाद इसे कुंभ मेले में तैनात किया जाएगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी देते हुए कहा कि कांवड़ मेले को सकुशल, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेला शुरू हो चुका है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है। जहां भी व्यवस्थाओं में कमी मिलेगी, उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस बार पहली बार साइबर कमांडो मेले के दौरान सक्रिय रहेंगे। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक, फर्जी अथवा समाज में भ्रम फैलाने वाले वीडियो पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सामान्य भ्रामक वीडियो पर 36 घंटे के भीतर कार्रवाई होगी, जबकि एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच मेले का संचालन चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन 15 अगस्त तक पूरी सतर्कता के साथ मेला व्यवस्था पर नजर रखेगा। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा और विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने का अभियान भी लगातार जारी है और कुंभ मेले से पहले प्रमुख क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने जिलाधिकारी और एसएसपी को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले के बदलते स्वरूप को देखते हुए पुलिस की रणनीति भी आधुनिक बनाई गई है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे मार्ग का उपयोग करेंगे। इसके लिए संबंधित राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित मानकों के भीतर ही संचालित करने की अनुमति होगी। नियमों का उल्लंघन करने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष नियम तोड़ने वालों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है.

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments