

रायपुर क्षेत्र में शोरूम से चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
देहरादून । थाना रायपुर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत क्षेत्र में हुई शोरूम चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में चुराया गया लैपटॉप और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।
मामले के अनुसार 14 जुलाई को हैवेल्स गैलेक्सी, गुरुद्वारा सहस्त्रधारा रोड निवासी मनीष गुप्ता ने थाना रायपुर पहुंचकर तहरीर दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके शोरूम से एक लैपटॉप, बिजली का सामान और पानी की मोटर चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर की गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके साथ ही पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों की मौजूदा स्थिति का भी सत्यापन किया गया। इन्हीं प्रयासों का नतीजा रहा कि 16 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक खाली प्लॉट के पास से दो आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के दरभंगा जिला निवासी संतोष पुत्र गणेश साहनी (19), निवासी ग्राम गोरा भराटी, पोस्ट सिमरी कंसी, तथा सरजीत पुत्र डोमू साहनी (23), निवासी ग्राम केतका बरीआल, थाना मम्बी के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप मय चार्जर, एक माउस और 61 बंडल बिजली के तार बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक अष्टभोज बलूनी, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पवार और महिला कांस्टेबल स्वाति की अहम भूमिका रही।

Recent Comments