हर्रावाला रेलवे स्टेशन को मिली नई पहचान, PM मोदी ने जालंधर से वर्चुअली किया राष्ट्र को समर्पित

19 करोड़ की लागत से संवरा स्टेशन, ऐपण कला और हिमालयी थीम का दिखा अनूठा संगम, 75 अमृत भारत स्टेशनों में शामिल

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 फीसदी कार्य पूरा, उत्तराखंड को 4,769 करोड़ का रिकॉर्ड रेल बजट

देहरादून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी कड़ी में देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित समारोह में इस ऐतिहासिक अवसर को जनभागीदारी ने और भव्य बना दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुनर्विकास राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रतीक है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का उत्कृष्ट समन्वय प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा, गति और तकनीकी दक्षता में निरंतर वृद्धि हुई है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनें आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनकर उभरी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को ये आधुनिक रेलवे स्टेशन नई गति देंगे, और उत्तराखंड के “विकल्प रहित संकल्प” को मजबूती प्रदान करेंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचाने के सपने को तेजी से साकार होता देख मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई रफ्तार देगी। इसके अलावा प्रदेश को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से पर्यटकों और यात्रियों को विशेष सुविधा मिल रही है, जिससे उत्तराखंड की यात्रा और भी आकर्षक बनी है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के बजट आवंटन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट प्रदान किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में करीब 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस परियोजना को प्रदेश की प्रगति में मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस ऐतिहासिक क्षण को अपनी उपस्थिति से गौरवान्वित किया।

हर्रावाला रेलवे स्टेशन अब दून घाटी की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं का उत्कृष्ट संगम बनकर उभरा है। यह न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा, बल्कि विकसित उत्तराखंड की नई पहचान भी स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्टेशन राज्य की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड की विकास गाथा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments