देहरादून पुलिस का “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक” – एक व्यापक सफलता

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर अपराधियों के विरुद्ध संपूर्ण राज्य में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने 2-3 मई की रात्रि को एक व्यापक और प्रभावी “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक” संचालित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में सभी क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संपूर्ण जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस की टीमों ने रात्रि में पब, बार और रेस्तरां की कड़ी निगरानी की। इस दौरान कोतवाली क्षेत्रांतर्गत “बैठक रेस्ट्रोरेंट” और डालनवाला क्षेत्रांतर्गत “Dynasty क्लब 90” बार के संचालकों द्वारा निर्धारित समयावधि के बाद भी प्रतिष्ठानों को संचालित करते पाया गया। पुलिस ने दोनों प्रतिष्ठानों को तुरंत बंद करवाया और उनके संचालकों सहित स्टाफ सदस्यों को थाने लाया गया। उन्हें भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी गई और पुलिस एक्ट के तहत कानूनी कार्यवाही की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की। इस अभियान में कुल 35 व्यक्तियों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और सभी को हवालात में भेजा गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 38 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 91 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम में चालान किए गए और 68,250 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा 40 वाहन चालकों के विरुद्ध मजिस्ट्रेट न्यायालय में चालान दर्ज किए गए।

देर रात्रि में घूमने वाले व्यक्तियों की सघन पूछताछ भी की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा 600 से अधिक व्यक्तियों को चेक किया गया और उनके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 75 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में चालान किए गए और कुल 18,750 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त 18 संदिग्ध व्यक्तियों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर थानों पर लाया गया।

देहरादून पुलिस का यह व्यापक रात्रिकालीन अभियान आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात नियमों के कड़े प्रवर्तन और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। पुलिस प्रशासन आगे भी कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए निरंतर सतर्क रहेगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments