देहरादून। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’पूरी शिद्दत के साथ जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद जनपद भर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पिछले 24 घंटों में अपराधियों की कमर तोड़ दी है। विकासनगर से लेकर प्रेमनगर और रायवाला तक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नशे के सौदागरों, महिला अपराध में लिप्त अभियुक्तों और शातिर चोरों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में बड़ी सफलता हासिल की है।
विकासनगर कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रिजवान उर्फ पटवारी नाम के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ढालीपुर गांव के पास घेराबंदी कर रिजवान को 8.84 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दबोचा, जिसकी बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया अभियुक्त बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और तस्करी जैसे करीब 9 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह कुल्हाल क्षेत्र की एक महिला से सस्ते दामों में स्मैक लाकर स्थानीय युवाओं को महंगे दामों में बेचता था।

इसी कड़ी में महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए थाना प्रेमनगर पुलिस ने एक नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है। दरअसल, प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद ली, जिससे आरोपी गोविंदा की लोकेशन अलीगढ़ में मिली। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और नाबालिग को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म (BNS 64) और पोक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाकर आरोपी को जेल भेज दिया है।

वहीं, शहर कोतवाली पुलिस ने भी अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए स्कूटी चोरी की एक घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कालीदास रोड स्थित जन औषधि केंद्र के बाहर से चोरी हुई स्कूटी के साथ पुलिस ने रजत थापा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त ने बताया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए छोटी-बड़ी चोरियां करता है। उधर, रायवाला पुलिस ने भी चेकिंग के दौरान सत्यनारायण मंदिर के पास से समीर सिंह चौहान को 3 पेटी अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।


एसएसपी दून ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेगा, ताकि आम जनमानस सुरक्षित महसूस कर सके।

Recent Comments