देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम (VVIP) की भूमिका और संलिप्तता की निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के सिटिंग जज से करवाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस देहरादून के आह्वाहन पर आज शहर के सभी 100 वार्डों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार के पुतले जलाए, जिससे पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बना। इस आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने किया।
प्रदर्शन प्रातः साढ़े ग्यारह बजे से शुरू हुआ, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में पुतले लेकर अलग-अलग वार्डों में जुलूस निकाले और नारेबाजी की। मांजरा वार्ड में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में और वार्ड पार्षद जाहिद अंसारी के संयोजकत्व में कार्यकर्ताओं ने मांजरा से शिमला चौक तक मार्च निकाला। इसी तरह, यमुना कॉलोनी में महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी और श्रम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कौशल के नेतृत्व में केंद्र सरकार के पुतले जलाए गए। अन्य वार्डों जैसे श्रीदेव सुमन नगर, बल्लूपुर, पंडितवाड़ी, द्रोणपुरी, रेस कोर्स, डीलरोड, आईएसबीटी, मोहब्बेवाला, करणपुर, सहारनपुर चौक, बंजारावाला, सहस्त्रधारा, कांवली, बालावाला और नथुवावाला में भी पुतला दहन हुआ, जहां वार्ड पार्षदों ने नेतृत्व किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “आज प्रदेश और देश में जहां भाजपा सरकारें हैं, वहां महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार और हत्या जैसे अपराध बढ़ रहे हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के दायित्वधारी और आरएसएस स्वयंसेवी का पूरा परिवार संलिप्त था। पीड़िता ने खुद अपने मित्र को बताया था कि उसे किसी सत्ताधारी VVIP को ‘एक्स्ट्रा सेवाएं’ देने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसने मना कर दिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि SIT की जांच अधूरी थी, क्योंकि VVIP का पता नहीं लगाया गया और महत्वपूर्ण सबूतों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। धस्माना ने कहा कि तीन साल बाद जब भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी ने राज खोला, तो भाजपा उसे बचाने के लिए बेशर्मी से खड़ी है। उन्होंने महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी को आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए बधाई दी।

महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा, “अंकिता हत्याकांड का असली गुनाहगार VVIP है, जिसे सरकार, भाजपा और पुलिस बचाने में लगी हैं। अब सच्चाई सामने आ गई है कि गुनाहगार भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम है। कांग्रेस अंकिता के हत्यारे को सजा दिलवा कर रहेगी। हमने सभी 100 वार्डों में पुतले जलाए हैं और आने वाले समय में गली-गली न्याय यात्रा निकालेंगे, ताकि CBI जांच सुनिश्चित हो।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा राज में महिलाओं की जान और अस्मत खतरे में है।
इस प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिनमें वार्ड पार्षद जाहिद अंसारी, अर्जुन सोनकर, संगीता गुप्ता, कोमल वोहरा, अभिषेक तिवारी, राजेश पुंडीर, संजय भारती, वीरेंद्र बिष्ट, रमेश कुमार मंगू, सुशांत वोहरा, सागर लाम्बा, मुकीम अहमद, आयुष गुप्ता, मोनिका, निखिल कुमार, गगन छाछर, आदर्श सूद, अनिल क्षेत्री, पार्टी पदाधिकारी पूर्ण सिंह रावत, राजकुमार जायसवाल, पुनीत चौधरी, प्रमोद गुप्ता, अनुराग गुप्ता, रितेश छत्री, नानक चंद, अनीस अंसारी और अल्ताफ अहमद शामिल थे। कांग्रेस ने आंदोलन को जारी रखने की घोषणा की है।

Recent Comments