

देहरादून। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने शुक्रवार को देहरादून में कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति, ओबीसी, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान अठावले ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देशभर में 58.30 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें उत्तराखंड में 40.91 लाख खाते शामिल हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देश में 58.31 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत हुए हैं और उत्तराखंड में 36.87 लाख लोगों को ऋण मिला है।
अठावले ने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके अंतर्गत देशभर में 12.17 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना से भी करोड़ों नागरिक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने नशा मुक्ति के लिए 790 केंद्रों की स्थापना, वृद्धाश्रमों को सहयोग और एमएसएमई व युवा उद्यमियों को मदद देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। युवाओं से उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार एमएसएमई को सशक्त बनाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सामाजिक न्याय और आरक्षण पर अठावले ने कहा कि आरक्षण संविधान प्रदत्त व्यवस्था है और इसका विरोध संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। भीमराव आंबेडकर की परिकल्पना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एससी-एसटी के साथ ओबीसी को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए था। प्रस्तावित जातीय जनगणना से विभिन्न समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का सही आकलन होगा और योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचेगा।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी। परिसीमन की प्रक्रिया व्यापक राजनीतिक सहमति से आगे बढ़े, यह उम्मीद भी जताई।
प्रश्नपत्र लीक के मामलों पर अठावले ने कहा कि सरकार ने रोकथाम के लिए कड़ा कानून बनाया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने समाज से भी ऐसे तत्वों का बहिष्कार करने की अपील की।
मानसून सत्र को लेकर उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संसद के शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग मांगा। अठावले ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना अच्छा मित्र बताते हुए उनके नेतृत्व में राज्य में हुई प्रगति की सराहना की।

Recent Comments