

पौड़ी गढ़वाल। देवप्रयाग से पौड़ी की ओर जा रहे एक परिवार के लिए शुक्रवार का दिन काल बन गया। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर कुंडाधार (सबदरखाल) के पास अनियंत्रित बोलेरो कार अचानक 200 मीटर गहरी खाई में जा घुसी। इस भीषण हादसे में लक्सर (जीतपुर रायपुर) के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को रेस्क्यू टीम ने घायल अवस्था में सुरक्षित निकाल लिया।
कार में कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। खाई से पांच शव—दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे—बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए। इस दौरान ‘अरमान’ नाम के मासूम को घायल हालत में बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। वाहन के अनियंत्रित होने का सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और गंभीर रूप से घायल लोगों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने के आदेश भी जारी किए हैं। प्रशासन और पुलिस हादसे की पूरी जांच कर रही है।

Recent Comments