

चकराता। केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए चकराता में तीन दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून ने चिल्ड्रन्स पार्क में ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ विषय पर यह कार्यक्रम लगाया। गुरुवार को इसका समापन हुआ।
तीन दिन तक चले इस कार्यक्रम का मकसद ग्रामीणों और युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना था। इसके लिए चित्र प्रदर्शनी, सूचना स्टॉल, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए। कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने समापन पर कहा कि विकसित भारत तभी बनेगा जब युवा आगे आएंगे। उन्होंने छात्रों से योजनाओं की जानकारी लेकर दूसरों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में कैंट इंटर कॉलेज और जौनसार पब्लिक स्कूल के छात्र सबसे आगे रहे। छात्रों ने भाषण, पेंटिंग और क्विज में हिस्सा लिया। दूसरे दिन योग और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। तीसरे दिन जौनसारी लोकनृत्य ने सबका ध्यान खींचा। स्कूल की प्रधानाचार्य मृदुला थापा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जगाते हैं।

मेले में कृषि और बाल विकास विभाग के स्टॉल लगे थे। ग्रामीणों ने यहां आकर योजनाओं की जानकारी ली। नशा मुक्त भारत पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता में जौनसार पब्लिक स्कूल के नमस्वी तोमर और शम्भवी ने बाजी मारी। विकसित भारत विषय पर कैंट कॉलेज की नाव्या अव्वल रहीं। भाषण में गरिमा ने पहला स्थान हासिल किया।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से गांव के लोग सीधे सरकारी योजनाओं से जुड़ पाते हैं।

Recent Comments