SIR की समीक्षा के लिए 21 अगस्त को रुड़की पहुंचेंगे धीरेंद्र प्रताप

रुड़की । उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रुड़की में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा के लिए राज्य समन्वयक नियुक्त किया है। धीरेंद्र प्रताप 21 अगस्त को रुड़की पहुंचकर स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करेंगे।

कांग्रेस के अनुसार, इस दौरान धीरेंद्र प्रताप स्थानीय चुनाव अधिकारियों से मुलाकात कर मतदाता सूचियों में सामने आ रही कथित गड़बड़ियों और पंजीकरण से जुड़ी समस्याओं को उनके संज्ञान में लाएंगे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव महेश जोशी को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने बताया कि धीरेंद्र प्रताप 21 अगस्त को रुड़की विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद स्थानीय चुनाव अधिकारियों से मुलाकात कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों की ओर से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन तथा अन्य प्रक्रियाओं में सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने हरिद्वार, रुड़की, ऊधमसिंह नगर और देहरादून जिलों में मतदाता सूचियों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा और उनके निस्तारण के लिए विधानसभाओं में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि पार्टी की सहायता के लिए अनुभवी अधिवक्ताओं की टीम भी तैनात की गई है, जो मतदाता सूचियों के निस्तारण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अधिवक्ताओं को पार्टी पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर आम लोगों के मताधिकार की रक्षा के लिए काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

धीरेंद्र प्रताप और रुड़की जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कलियर विधायक फुरकान अहमद के मतदाता सूची में नाम से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। दोनों नेताओं ने कहा कि यदि एक निर्वाचित विधायक को भी मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तो आम मतदाताओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में सत्तारूढ़ दल के कथित हस्तक्षेप की भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments