
देहरादून। राजधानी के रायपुर क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ कथित रूप से मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को सड़क किनारे गिराकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात रायपुर थाना क्षेत्र के ऋषि नगर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की दो कारों में सवार कुछ युवक एक शराब की दुकान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका स्थानीय दिव्यांग युवक से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने मिलकर पीड़ित के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने युवक को सड़क पर गिरा दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद लोगों में से किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। मारपीट में घायल हुए युवक को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।
पीड़ित ने रायपुर थाने में दी गई शिकायत में बताया कि हमलावर नशे की हालत में थे और घटना को अंजाम देने के बाद सहस्त्रधारा रोड की दिशा में फरार हो गए। शिकायत के साथ उसने अपना चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल रिपोर्ट) तथा घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित कवि कुमार द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना से जुड़े वीडियो, उपलब्ध साक्ष्यों और पुलिस जांच के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राज सिंह सुयाल पुत्र ईश्वर सिंह, मूल निवासी लासतोई, गंगोलीहाट, जनपद पिथौरागढ़ (वर्तमान पता शिव गंगा एन्क्लेव, सहस्रधारा रोड, रायपुर, देहरादून) तथा प्रियांशु मिश्रा पुत्र अनूप कुमार मिश्रा, मूल निवासी सेंट्रल जेल कैंपस, सिविल लाइंस, आगरा (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान निवासी शिव गंगा एन्क्लेव, सहस्रधारा रोड, रायपुर, देहरादून शामिल हैं।
रायपुर पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया है।

Recent Comments