SIR को लेकर कल से जिले में ‘शंका-समाधान-संवाद’ अभियान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य करेंगे शुभारंभ

उत्तरकाशी। जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सर्वस्पर्शी बनाने के उद्देश्य से नोटिस चरण के दौरान जनसंपर्क योजना के अंतर्गत कल से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य जनपद मुख्यालय स्थित ऋषिराम शिक्षण संस्थान से इस महत्वाकांक्षी अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के मन में उत्पन्न शंकाओं व भ्रांतियों का त्वरित समाधान करना, मतदाता सूची से जुड़ी सामान्य विसंगतियों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना तथा DEO, ERO एवं स्वीप टीम के माध्यम से प्रामाणिक एवं सटीक जानकारी सीधे आम नागरिकों तक पहुँचाना है।

अभियान के अंतर्गत स्वीप टीम द्वारा जनपद के स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में “SIR शंका-समाधान-संवाद” गतिविधियों का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को Electoral Literacy Messengers (निर्वाचन साक्षरता दूत) के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि वे अपने घरों एवं आस-पड़ोस में जाकर अभिभावकों तथा पात्र मतदाताओं तक सही जानकारी पहुँचा सकें। इस पहल के तहत बच्चों के माध्यम से SIR FAQ Card/Leaflet घर-घर पहुँचाए जाएँगे, स्कूल-कॉलेजों में छोटी क्विज़ व इलेक्टोरल लिटरेसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी तथा “घर जाकर अपने माता-पिता से मतदाता सूची में विवरण जाँचने को कहें” जैसी गतिविधियों से परिवार के सदस्यों को अपनी प्रविष्टियों (नाम, आयु, पता, संबंधी का नाम आदि) को री-चेक करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस अभियान को सुचारू एवं प्रभावकारी बनाने के लिए त्रिस्तरीय संवाद एवं गतिविधि कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत जिला स्तर से लेकर ब्लॉक व बूथ स्तर तक नियमित संवाद आयोजित किए जाएँगे।

अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा बहुस्तरीय संवाद एवं गतिविधियों का विस्तृत लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचक पंजीयन अधिकारी स्तर पर सप्ताह के अनुसार संवाद आयोजित किए जाएँगे। इसके साथ ही, इस माह NLMT द्वारा 5 संवाद गतिविधियाँ, DLMT द्वारा 10 संवाद गतिविधियाँ तथा ALMT द्वारा कुल 15 संवाद गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी, ताकि जिले का प्रत्येक वर्ग व क्षेत्र इस जागरूकता अभियान से सीधे जुड़ सके।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने समस्त जनपदवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन व त्रुटिरहित बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments