

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यशैली में तेजी लाते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि जरूरतमंद व्यक्ति कल्याण तंत्र से अछूते न रहें।
दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्रों पर सभी आवेदकों के लिए ‘यूडीआईडी’ कार्ड (UDID) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में यूडीआईडी कार्ड के अभाव में किसी भी दिव्यांगजन को पेंशन अथवा अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाएगा।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि केंद्र समर्थित सभी पेंशन खातों को सुव्यवस्थित किया जाए। साथ ही पेंशन राशि सीधे और पारदर्शी ढंग से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित करने हेतु समस्त पेंशनरों के बैंक खातों को अनिवार्य रूप से आधार से लिंक (सीड) कराना या उनके खातों में ‘आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम’ सक्रिय करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशन धारकों के खातों की सीडिंग प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और यह व्यवस्था समयबद्ध रूप से लागू करने के लिए लीड बैंक अधिकारी से समन्वय स्थापित किया जाए।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, जिला अर्थ संख्या अधिकारी अतुल आनंद तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments