देहरादून, भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल हैंडीकैप्ड फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तत्वाधान में 21 फरवरी से 01 मार्च, 2026 तक रेंजर ग्राउंड में ‘‘दिव्य कला मेला’’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रदेश में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रहे इस मेले को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सीधे बाजार और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। इस आयोजन में प्रदेश के 13 जनपदों से आए दिव्यांगजन अपने हस्तशिल्प, गृह सज्जा सामग्री, परिधान, खाद्य उत्पाद एवं अन्य उपयोगी वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से करेंगे। इसके साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले दिव्यांग कलाकार एवं कारीगर भी अपनी कला और उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर मेले को अंतरराज्यीय स्वरूप प्रदान करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि मेले में उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ-साथ दिव्यांगजनों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सृजन, आत्मविश्वास और उत्साह का संगम साबित होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि देहरादून के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की भी मेले में सक्रिय भागीदारी रहेगी। इससे युवाओं को दिव्यांगजनों की प्रतिभा, परिश्रम और कौशल को निकट से समझने तथा उनके प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘‘दिव्य कला मेला’’ समाज में दिव्यांगजनों की क्षमताओं और उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन से जहां एक ओर दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर समाज में समावेशिता और समान अवसरों के प्रति सकारात्मक वातावरण सुदृढ़ होगा।

Recent Comments