
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने टीबी मुक्त भारत अभियान के 100 दिवसीय क्षय रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई तक शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना सुनिश्चित करें।
शनिवार को आयोजित बैठक में DM स्वाति भदौरिया ने निक्षय मित्रों के नामांकन और सूचीकरण में तेजी लाने को कहा। शेष बचे गांवों को कवर करने के लिए शीघ्र रोस्टर तैयार कर प्रतिदिन कम से कम 3 गांवों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग वाले गांवों में पहले से व्यापक प्रचार-प्रसार और रूट प्लान बनाकर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
DM ने हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन की मरम्मत की नियमित मॉनिटरिंग कर उसे जल्द उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवा रखने और चिन्हित मरीजों का नियमित उपचार सुनिश्चित करने को कहा। निक्षय मित्रों के लिए 104 हेल्पलाइन सक्रिय कर हर माह 5 तारीख को रिमाइंडर भेजने और टीबी मामलों की अधिसूचना गैप को समयबद्ध दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सख्त हिदायत दी कि जिस दिन किसी गांव में टीबी स्क्रीनिंग कैंप लगे, उसी दिन उसकी सूचना और स्क्रीनिंग विवरण निक्षय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में टीबी संवेदनशीलता के आधार पर 762 गांव चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 530 गांवों में स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, शेष में काम जारी है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल.डी. सेमवाल सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

Recent Comments