मतदाता पुनरीक्षण पर डीएम की अहम बैठक: 15 सितंबर को जारी होगी फाइनल निर्वाचक नामावली

देहरादून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति पर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में राजनीतिक दलों को प्रारूप-9, 10, 11A और 11B की सूचियां उपलब्ध कराई गईं तथा दावे-आपत्तियों की स्थिति साझा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि फाइनल निर्वाचक नामावली 15 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि 13 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जोड़े जाने के लिए प्रारूप-6 में 39,025 आवेदन प्राप्त हुए हैं। नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 में 10,235 दावे/आपत्तियां दर्ज हुई हैं, जबकि विवरण संशोधन हेतु प्रारूप-8 में 10,718 नागरिकों ने आवेदन किया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त आपत्तियों पर संबंधित बीएलओ द्वारा व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराया जाएगा और नोटिस प्राप्ति के सात दिन बाद सुनवाई शिविर आयोजित होंगे। बूथवार होने वाले इन शिविरों में आपत्तिकर्ता और संबंधित मतदाता—दोनों को अपना पक्ष रखने का समुचित अवसर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ठोस आधार अथवा प्रमाण के अभाव में किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष, प्रभावी और पारदर्शी बनी रहे।

डॉ. चौहान ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार अब तक जिले में 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान के दौरान विवरण में विसंगति, अपूर्ण जानकारी या डेटा के सही मिलान न होने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 3,95,772 मामलों में विवरण संबंधी विसंगतियां और 1,52,170 मामलों में मैपिंग न होने के कारण नोटिस भेजे गए। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि जिन नागरिकों को नोटिस भेजे गए हैं, उन्हें अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के माध्यम से संबंधित बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि सभी दावे-आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके। साथ ही, प्रारूप-7 में मिथ्या घोषणा प्रस्तुत करने वालों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली, कांग्रेस के डॉ. जसविंदर सिंह, प्रशांत खंडूड़ी, सुनील जायसवाल, आम आदमी पार्टी के कमल राणा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे। जिला सूचना अधिकारी, देहरादून ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम अपने अंतिम एवं महत्वपूर्ण चरण में है और इसमें सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय, रचनात्मक भागीदारी अपेक्षित है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments