सीमाद्वार में जलभराव पर DM का सख्त रुख; 24 घंटे में सफाई–डिवॉटरिंग के निर्देश, न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग पर कड़ा एक्शन

देहरादून । लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। जलभराव से जूझते लोगों की शिकायतें सुनते हुए उन्होंने साफ कहा कि आमजन को किसी भी हाल में परेशानी नहीं होनी चाहिए। मौके पर मौजूद क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर के साथ डीएम ने नगर निगम को 24 घंटे के भीतर नालों से मलबा और कचरा साफ कराने तथा डिवॉटरिंग पंप के जरिए पानी की त्वरित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोनिवि को यातायात सुचारू रखने और सड़कों पर जमा पानी हटाने की तत्काल व्यवस्था पर जोर दिया गया।

डीएम ने स्थिति की गंभीरता देखते हुए पटवारी को सीमाद्वार में ही तैनात कर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि डिवॉटरिंग और अन्य छोटे-छोटे अवरोधों का तत्काल निस्तारण हो सके। त्वरित राहत के लिए आवश्यक बजट की स्वीकृति भी मौके पर प्रदान की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्या का अस्थायी समाधान ही नहीं, बल्कि स्थायी निवारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था का विस्तृत सर्वे कर ड्रेनेज सिस्टम के स्थायी समाधान हेतु डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए, साथ ही यह भी कहा गया कि कार्ययोजना कागजों तक सीमित न रहकर तेज गति से क्रियान्वित हो।

दूसरी ओर, न्यूकैंट रोड पर यातायात अव्यवस्था और अवैध पार्किंग पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में दोनों ओर खड़े चारपहिया और दोपहिया वाहनों को देख जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही दर्जनों चालान कटवाए। सड़क किनारे फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए, जबकि नो-पार्किंग के स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया ताकि भविष्य में जाम की स्थिति न बने। न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए लोनिवि को विस्तृत सर्वे का आदेश दिया गया है, साथ ही पुलिस चेकपोस्ट और अन्य बाधक संरचनाओं को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने की तैयारी करने को कहा गया है। डीएम ने दोटूक कहा कि अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए सुव्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओ.पी. सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments