देहरादून, 30 नवम्बर 2025 (सू.वि.)। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनसेवा से जुड़े कॉमन सर्विस सेन्टरों (सीएससी) पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील परिसर स्थित रमन इंटरप्राइजेज सीएससी सेंटर पर औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर केंद्र को सील कर ताला जड़ दिया गया। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने की।
निरीक्षण के दौरान टीम को केंद्र पर विभिन्न योजनाओं के आवेदन अभिलेख मिले, जिन पर आवेदकों के हस्ताक्षर तक नहीं थे और पूछने पर वहां मौजूद स्टाफ इन दस्तावेजों के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। केंद्र में विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूला जाना, 27 नवम्बर 2025 से दैनिक रजिस्टर अपडेट न होना तथा अभिलेखों और लेन-देन विवरणों के रखरखाव में अनियमितताएं भी सामने आईं।

प्रशासनिक टीम ने केंद्र में संचालित सेवाओं, अभिलेखों, सेवा शुल्क और लेन-देन की विस्तृत जांच की, जिसमें नियमों के अनुपालन में गंभीर चूक और सेवा प्रदायगी में गड़बड़ियां पाई गईं। केंद्र संचालक एवं स्टाफ द्वारा स्पष्ट उत्तर न दे पाने और अनियमितताओं के पुख्ता प्रमाण मिलने पर जिला प्रशासन ने रमन इंटरप्राइजेज सीएससी सेंटर को अग्रिम आदेशों तक बंद रखते हुए सील कर दिया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने साफ संदेश दिया है कि जनसेवा से जुड़े किसी भी केंद्र पर अनियमितता, उपभोक्ताओं का शोषण या पारदर्शिता का अभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलेभर के सीएससी केंद्रों पर छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, ऐसे केंद्रों पर ताला जड़े बिना कोई विकल्प नहीं बचेगा।

Recent Comments