
एसएसपी के निर्देश पर कई थाना क्षेत्रों में एक साथ चला जागरूकता अभियान, पर्चे बांटे, रैली निकाली
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए दून पुलिस बुधवार को सड़क पर उतर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से आगाह किया गया। चौपाल और जनजागरूकता रैली के जरिये लोगों तक पहुंची पुलिस टीमों ने नशा उन्मूलन से जुड़े पर्चे वितरित किए और अंत में सभी उपस्थित लोगों को “Say Yes to Life, No to Drugs” की शपथ दिलाई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने नशे के दुष्प्रभावों, इसकी जड़ों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से विशेष अपील की गई कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने परिवार और पड़ोस में भी जागरूकता फैलाएं और दून पुलिस की इस मुहिम में सहभागी बनें।



Recent Comments