ऑपरेशन प्रहार में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ के बाद पश्चिमी यूपी के दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

देहरादून । एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत शनिवार देर रात बसंत विहार थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से दो अवैध देशी तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, संपूर्ण जनपद में अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25/26 अप्रैल 2026 की देर रात थाना बसंत विहार क्षेत्र के हरबंशवाला बैरियर पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी बैरियर की ओर आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने जब स्कूटी को रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक बैरियर पर नहीं रुके और तेज रफ्तार से हरबंशवाला से टी-स्टेट की ओर भाग निकले।

बताया गया कि पुलिस टीम ने तत्काल स्कूटी का पीछा किया। पीछा किए जाने पर आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश जान से मारने की नीयत से लगातार फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को मौके पर दबोच लिया।

घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय हो गए। एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मौजूद अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश की स्थिति की जानकारी भी ली।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपनी पहचान अब्दुला पुत्र गुलाम मोहम्मद और शाहनवाज सलमानी पुत्र खुर्शीद अहमद के रूप में बताई। अब्दुला, निवासी रसूलपुर रमजानपुर देहात कोतवाली, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 37 वर्ष, मुठभेड़ में घायल हुआ है। दूसरा आरोपित शाहनवाज सलमानी, निवासी मोहल्ला हज्जबान चौहानान, ज्वालापुर, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश तथा हाल निवासी शेरपुर टांडा, सहसपुर बताया गया है।

पुलिस ने दावा किया है कि गिरफ्तार अभियुक्त अब्दुला शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। यही कारण है कि पुलिस इस गिरफ्तारी को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस मामले में थाना बसंत विहार में अभियुक्तों के खिलाफ धारा 109/3(5) बीएनएस तथा धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments