देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देशों पर राज्यभर में अपराधियों के विरुद्ध छिड़े अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान से अपराधियों और असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी, शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए भारी जुर्माना वसूला और गिरफ्तारियां कीं।
नशा तस्करों पर शिकंजा और सघन चेकिंग
अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रायपुर और विकासनगर क्षेत्रों से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। विकासनगर से आसिफ (26 वर्ष) के पास से 181 ग्राम चरस और रायपुर क्षेत्र से दिवांशु नेगी से 52 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने रात के अंधेरे में संदिग्ध रूप से घूम रहे लगभग 1000 से अधिक व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की। इनमें से 119 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान कर ₹31,500 का जुर्माना वसूला गया, जबकि 09 संदिग्धों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया।


यातायात नियमों और सत्यापन पर सख्त कार्रवाई
सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 31 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज कर दिया। एमवी एक्ट के तहत कुल 123 चालान काटकर ₹66,500 का शमन शुल्क वसूला गया, जबकि माननीय न्यायालय के निर्देशों पर 85 अन्य चालान कर 43 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई सत्यापन को लेकर रही, जहां किरायेदारों, घरेलू नौकरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मियों का पुलिस सत्यापन न कराने वाले 127 मकान मालिकों व स्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत इन पर कुल 12 लाख 70 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है।
रानीपोखरी में हुड़दंगियों को सिखाया सबक
अभियान के अंतर्गत ही थाना रानीपोखरी पुलिस ने देर रात सूर्यधार रोड स्थित ड्रीम वैली रिजॉर्ट के पास सार्वजनिक शांति भंग करने वाले 11 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, ये युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू थे। समझाने के बावजूद उग्र व्यवहार करने पर पुलिस ने शांति भंग की आशंका के चलते देहरादून, पौड़ी, टिहरी, हल्द्वानी, दिल्ली, कानपुर और ऋषिकेश के रहने वाले इन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी “ऑपरेशन प्रहार” के तहत इसी प्रकार की पैनी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Recent Comments