देहरादून में एनकाउंटर! तिब्बती मार्केट मर्डर के शूटर गिरफ्तार, तमंचे और स्कूटी के साथ पुलिस की बड़ी कामयाबी

देहरादून। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का असर तड़के सुबह दिखा, जब देहरादून पुलिस ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड में शामिल शूटर और उसके एक सहयोगी को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

पहली मुठभेड़: रायपुर थाना क्षेत्र 
नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर के जंगल में संदिग्ध बदमाश ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे मौके से गिरफ्तार कर तुरंत कोरोनेशन चिकित्सालय ले जाया गया। 

दूसरी मुठभेड़: लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र 
दूसरी घटना में स्कूटी सवार बदमाश को लालतप्पर चौकी पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और भागकर खंडर फैक्ट्री में घुस गया। वहां से उसने पुलिस पार्टी पर फायर किया। पुलिस के पलटवार में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। 

हत्याकांड में कबूलनामा 
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। फिलहाल मामले में लगातार पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य सहयोगियों/कड़ियों की तलाश में जुटी है। 

उच्च अधिकारी मौके पर, एसएसपी अस्पताल पहुंचे 
घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। वहीं एसएसपी देहरादून भी कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों बदमाशों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। 

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments