एपस्टीन कांड: भड़की कांग्रेस, हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग पर अड़ी

देहरादून, एपस्टीन फाइल में नरेन्द्र मोदी एवं हरदीप सिंह पुरी का नाम उजागर होने की खबरों के विरोध में प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से गांधी पार्क–घंटाघर–पल्टन बाजार होते हुए तहसील चौक तक मार्च निकाला और वापस राजीव भवन पहुंचकर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन में एकत्रित हुए। इसके बाद ‘THE PM IS Compromised’ लिखी विशेष पोशाक पहनकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।

इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने की खबरें अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं। यदि इन फाइलों में किसी भी प्रकार से उनका उल्लेख हुआ है तो देश की जनता के सामने पूरी सच्चाई आना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर चुप्पी साध लेना या तथ्यों को छिपाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत होगा। प्रदेश महिला कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, नैतिक आधार पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही केंद्र सरकार इस विषय पर संसद और देश की जनता के समक्ष स्पष्ट वक्तव्य दे।

ज्योति रौतेला ने कहा कि देश की राजनीति में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि होनी चाहिए। यदि किसी भी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति का नाम ऐसे विवादों में आता है, तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना ही लोकतांत्रिक परंपरा रही है। जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है और उसके प्रतिनिधि हर प्रकार के संदेह से परे होने चाहिए।

प्रदर्शन मार्च में महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवारी, प्रतिमा सिंह, देवेंद्र कौर, रेखा ढींगरा, भावना, जिलाध्यक्ष टिहरी आशा रावत, शिवानी थपलियाल, उमा पंवार, अनीता सकलानी सहित अनेक महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments