

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून, आपदा प्रबंधन और जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर कई अहम निर्देश दिए। बैठक में सीएम ने अधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने और आपदा प्रबंधन तंत्र को एक्टिव मोड में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने फोन 24 घंटे चालू रखें और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, बंद मार्गों तथा ड्रेनेज सिस्टम की जिलावार विस्तृत रिपोर्ट तुरंत तैयार करें। मानसून समाप्त होते ही इनके पुनर्निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता से शुरू किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़कों को लेकर सबसे बड़ी घोषणा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून के बाद प्रदेशभर में गड्ढामुक्त सड़क अभियान चलाया जाए। इसके लिए हर जिले में कार्ययोजना और समिति बनाकर नियमित निगरानी की जाए और 15 अक्टूबर तक हर हाल में राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। सीएम ने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जन कल्याण को लेकर सीएम धामी ने कहा कि मानसून के बाद ‘जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के शिविरों में तेजी लाई जाए। जिन गांवों में अब तक शिविर नहीं लगे हैं वहां प्राथमिकता से आयोजन कर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की नियमित समीक्षा करने, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड सहित सभी योजनाओं में अपात्रों की पहचान कर कार्रवाई करने और स्टेट सेक्टर फिजिकल वेरिफिकेशन में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 साल पूरे कर चुकी और खराब स्थिति वाली सड़कों को चिन्हित कर उनके डामरीकरण की कार्ययोजना बनाने तथा आवश्यकता पर उन्हें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
सीएम ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता अभियान तेज करने, नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही कृषि, बागवानी और पशुपालन योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप सहित सभी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments