“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 127 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन ने बिंदाल ब्रिज देहरादून में किया विशेष वृक्षारोपण

हर काम देश के नाम : बहु-स्तरीय वन विकसित करने का लिया संकल्प

देहरादून । “हर काम देश के नाम” की भावना के साथ 127 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल-गढ़वाल राइफल्स द्वारा मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया (UKSA) के तत्वावधान में एवं रेड एफएम के सहयोग से आज चकराता रोड स्थित बिंदाल ब्रिज के निकट राष्ट्रीय अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।

यह वृक्षारोपण अभियान यूनिट के फ्लैगशिप कार्यक्रम “भागीदारी और जिम्मेदारी” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य एक चिन्हित क्षतिग्रस्त भू-भाग को विकसित कर बहु-स्तरीय वन (Multi-Layer Forest) के रूप में परिवर्तित करना है। इस अवसर पर देशज वृक्ष प्रजातियों, झाड़ियों तथा भू-आवरण वनस्पतियों का व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से रोपण किया गया, ताकि एक स्थायी एवं जैव-विविधता से समृद्ध हरित पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया जा सके।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य क्षतिग्रस्त भूमि के पुनरुद्धार, जैव विविधता के संवर्धन, मृदा संरक्षण तथा क्षेत्र की पारिस्थितिकीय क्षमता को सुदृढ़ करने में योगदान देना है। बहु-स्तरीय वन की अवधारणा के अंतर्गत वृक्षों, झाड़ियों एवं भू-आवरण वनस्पतियों को सम्मिलित कर क्रमिक रूप से एक आत्मनिर्भर एवं स्थायी वन पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अभियान के माध्यम से “भागीदारी और जिम्मेदारी” की भावना भी सशक्त हुई, जिसके अंतर्गत सशस्त्र सेनाएं, नागरिक हितधारक, मीडिया सहयोगी एवं स्थानीय समुदाय पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण के साझा उद्देश्य के लिए एक साथ आए और अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर 127 टीए इकोलॉजिकल-गढ़वाल राइफल्स के प्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस पहल के माध्यम से गढ़वाल ग्रीनर्स ने पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिकीय पुनरुद्धार एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया तथा उत्तराखंड को और अधिक हरित, स्वस्थ एवं सतत बनाने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments