
लखनऊ 2 अप्रैल (आरएनएस ) ठाकुरगंज पुलिस ने एक व्यक्ति को बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर रील बनाने और सडक़ जाम करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान बताकर लोगों से विवाद कर रहा था और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ वीडियो बना रहा था।घटना 1 अप्रैल 2025 को घण्टाघर क्लॉक टावर के सामने स्थित ग्लोब कैफे के पास हुई, जहां 42 वर्षीय आजम अली अंसारी नामक व्यक्ति खुद को सलमान खान बताते हुए सोशल मीडिया रील बना रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि यह व्यक्ति आम जनता से उलझ रहा है और सडक़ पर जाम की स्थिति उत्पन्न कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के संवेदनशील स्थान पर हथियार के साथ वीडियो बना रहा था। पुलिस द्वारा समझाने पर भी वह शांत नहीं हुआ, जिसके चलते उसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली और उसे धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप न किया जाता, तो यह स्थिति किसी गंभीर अपराध में बदल सकती थी।गिरफ्तार आरोपी आजम अली अंसारी लखनऊ के चौपटिया थाना क्षेत्र के कटरा बेग इलाके का निवासी है। इस कार्रवाई में ठाकुरगंज थाना प्रभारी श्रीकांत राय, उपनिरीक्षक मुदित राय, उपनिरीक्षक शुभम सिंह, कांस्टेबल श्यामेन्द्र सिंह और कांस्टेबल रमन कुमार शामिल रहे। पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया खातों की भी जांच कर रही है कि क्या उसने पूर्व में भी इस तरह की हरकतें की हैं।

Recent Comments