कृषि-सहकारिता के संयुक्त प्रयास से आत्मनिर्भर बन रहा किसान: सुबोध उनियाल

श्रीनगर सहकारिता मेले में 156 किसानों को 2.21 करोड़ का ब्याज रहित ऋण वितरित
पौड़ी/श्रीनगर  : अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में श्रीनगर के आवास विकास मैदान में आयोजित नौ दिवसीय सहकारिता मेला रविवार को किसानों और महिला समूहों की उत्साहजनक भागीदारी के साथ संपन्न हुआ। मेले के अंतिम दिन आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बतौर मुख्य अतिथि तथा सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत जिले के 156 किसानों को कुल 2 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपये का ब्याज रहित ऋण वितरित किया। योजना से लघु एवं सीमांत कृषकों को आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा मिली है। वितरित ऋण में रिखणीखाल ब्लॉक के 55 किसानों को 79 लाख, नैनीडांडा के 61 किसानों को 84 लाख 50 हजार और बिरोंखाल के 40 किसानों को 58 लाख रुपये की धनराशि शामिल थी।

उत्तराखंड का सहकारी मॉडल देश में उदाहरण:
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सहकारिता और कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से आज प्रदेश का किसान आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड का सहकारी मॉडल देशभर में नया उदाहरण पेश कर रहा है। उन्होंने प्रदेशभर में आयोजित हो रहे सहकारिता मेलों को किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाली पहल बताया।
किसानों को मिल रहा ब्याजमुक्त ऋण:
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता मेलों के माध्यम से किसानों और महिला समूहों को अपने उत्पाद बेचने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लघु एवं सीमांत किसानों को 1 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त फसली ऋण तथा पशुपालन व मशरूम उत्पादन हेतु 1.60 से 5 लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मिलेट्स मिशन योजना के तहत सहकारी समितियाँ किसानों से मंडुवा 4,886 रुपये प्रति क्विंटल की दर से क्रय कर रही हैं, जिससे पर्वतीय कृषि परंपरा पुनर्जीवित हो रही है।

इफको अध्यक्ष ने भी की सराहना:
इससे पूर्व बीते शाम को आयोजित कार्यक्रम में लोकगायिका हेमा नेगी करासी ने अपने गीतों से लोक रंगों से माहौल को जीवंत कर दिया। इस कार्यक्रम में इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी मुख्य अतिथि तथा सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दिलीप संघाणी ने सहकारिता के क्षेत्र में उत्तराखंड को देश के लिए मिसाल बताया और राज्य की ऑर्गेनिक खेती को ‘धरती मां के प्रति सच्ची श्रद्धा’ करार दिया।
इस अवसर पर विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप रावत, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर निबंधक सहकारिता आनंद शुक्ल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments