
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi आगामी चार और पांच जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। लंबे समय बाद होने जा रहे इस दौरे को कांग्रेस आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मान रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार राहुल गांधी चार जून को कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह गढ़वाल मंडल के पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां पूर्व सैनिकों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलन में अग्निवीर योजना, सैनिकों से जुड़े मुद्दे और रोजगार जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए जाने की संभावना है।
कांग्रेस संगठन का मानना है कि उत्तराखंड जैसे सैनिक बाहुल्य राज्य में पूर्व सैनिकों और युवाओं के बीच संवाद स्थापित कर पार्टी राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगी। वहीं, अल्मोड़ा और पौड़ी की सभाओं के जरिए कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों में चुनावी माहौल बनाने की रणनीति तैयार की गई है।
राहुल गांधी का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वह करीब चार वर्ष बाद उत्तराखंड आ रहे हैं। इससे पहले वह वर्ष 2021 में विजय दिवस कार्यक्रम के दौरान देहरादून पहुंचे थे। अब दोबारा उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दौरे के दूसरे दिन यानी पांच जून को राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, विधायकों, संगठन पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस कमेटियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी फीडबैक पर विस्तार से चर्चा होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी को आगामी चुनावों के लिए मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस संगठन पूरे दौरे को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।

Recent Comments