गणेश गोदियाल का भाजपा पर तंज: देश को झूठ परोस रही भाजपा, अब जनता के सामने खुलेगी पोल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के द्वारा देश को झूठ परोसे जाने, भ्रम की स्थिति और विभाजनकारी नीतियों के लिए आढ़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि प्रधानमंत्री ने “राष्ट्र के नाम संदेश” जैसे गंभीर और गरिमामयी मंच का उपयोग विपक्ष को कोसने के लिए किया? यह परंपराओं का अपमान और देश के संसाधनों का दुरुपयोग है, जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है।

गोदियाल ने कहा कि अब तक राष्ट्र के नाम संदेश का उपयोग आपातकालीन स्थितियों या बड़े राष्ट्रीय निर्णयों की घोषणा के लिए किया जाता रहा है, लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री ने इसे राजनीतिक मंच में बदल दिया है। यह लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।

उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग बिना सोचे-समझे अपनी पार्टी की हर नीति का समर्थन करते हैं तब भी जब वे नीतियां देशहित के खिलाफ हों—वे राष्ट्रहित के साथ नहीं खड़े हैं। आज भाजपा एक ऐसा वातावरण बना रही है, जहां पार्टी हित को राष्ट्रहित से ऊपर रखा जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।

महिला आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर प्रहार करते हुए गोदियाल ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही संसद के दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन चुका है और संविधान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जो बिल सदन में गिरा, वह परिसीमन संशोधन विधेयक था, न कि महिला आरक्षण बिल। इसके बावजूद भाजपा देशभर में भ्रामक प्रचार कर रही है और जनता को गुमराह कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रेस वार्ताओं के जरिए एक झूठा नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, मानो महिला आरक्षण का रास्ता विपक्ष ने रोका हो, जबकि सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है। गोदयाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री धामी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह इतना ही महिला हितेषी हैं तो प्रदेश की तमाम नौकरियों में मेडिकल कॉलेज में लोक सेवा आयोग इत्यादि में महिलाओं के लिए 33% सीट रिजर्व कर दे।

गोदियाल ने कहा कि विपक्ष ने न केवल महिला आरक्षण का समर्थन किया, बल्कि उसे पारित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना और झूठा प्रचार करना यह दर्शाता है कि भाजपा केवल अपने शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए राजनीति कर रही है, न कि देश के हित में।

अंत में उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए, न कि पार्टी हित। कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी और भाजपा के इस भ्रामक अभियान का सशक्त तरीके से जवाब देती रहेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments