गणेश जोशी ने मसूरी में 20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास किया

देहरादून । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने हेतु करोड़ों रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया। सालावाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने सालावाला पुल से विजय कालोनी पुल तक मुख्य मार्ग के अपग्रेडेशन कार्य (लागत ₹1171.56 लाख), रिंग फेंस कार्यक्रम के अंतर्गत रविन्द्रपुरी, देहरादून सीवरेज योजना (लागत ₹269.38 लाख) तथा जिला पंचायत क्षेत्र चंद्रोटी में विभिन्न ग्राम पंचायतों की आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य (लागत ₹472.81 लाख) का विधिवत शिलान्यास किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सरकार, जनता के द्वार के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर रही है।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के बीच एक मंत्री या विधायक के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई और बेटे के रूप में कार्य करते हैं। मंत्री जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीब कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है और प्रधानमंत्री के लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश में अब तक 1.65 लाख ‘लखपति दीदी’ तैयार हो चुकी हैं।

कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश मंत्री भाजपा नेहा जोशी, सुरेंद्र राणा, भूपेंद्र कठेत, आर.एस. परिहार, पूनम नौटियाल, मोहन बहुगुणा, सत्येंद्र नाथ, लक्ष्मण सिंह रावत, ज्योति कोटिया, किरन, निर्मला थापा, वंदना बिष्ट, संध्या थापा, मदन सिंह पुंडीर, रेनू शर्मा, महेंद्र प्रताप, नैन सिंह पंवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments