
गोविंदघाट। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा पर आ रहे सभी श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है। ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि श्रद्धालु यात्रा के धार्मिक महत्व और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धा के साथ यात्रा करें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।
ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। सभी यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा के दौरान वाद-विवाद से बचें और कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने स्पष्ट किया कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व केवल धर्म की रक्षा के लिए है, न कि दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक शांतिप्रिय राज्य है, जिसकी पहचान देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में है। यहां श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री सहित अनेक पवित्र तीर्थस्थल हैं और इन्हीं में श्री हेमकुंड साहिब का भी विशेष धार्मिक महत्व है।
ट्रस्ट ने बताया कि सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं से आग्रह है कि यात्रा को पूरी आस्था, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न करें। किसी भी प्रकार के विवाद या समस्या की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।

Recent Comments