
पौड़ी: भरोसा टूटे तो इंसान बिखर जाता है। 16 जून 2026 कोटद्वार में ठेकेदारी करने वाले आकिब खान और मोहम्मद जीशान के साथ भी यही हुआ। दोनों ने आईडीबीआई बैंक, कोटद्वार से ₹4,00,000 नकद निकाले और बैग में रखकर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में कहीं बैग गिर गया। पूरी जमा-पूंजी गुम होते ही उनके चेहरों पर शिकन और आंखों में पुलिस से उम्मीद की निगाहें थीं।
सूचना मिलते ही कोतवाली कोटद्वार पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने युवकों से पूरी जानकारी ली और बैंक से घर तक के पूरे मार्ग का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके बाद बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज घंटों तक खंगाली गई। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल से लेकर संभावित जगहों तक पैदल और वाहन से लगातार तलाश की। हर छोटे-बड़े सुराग को गंभीरता से लिया गया।
तकनीकी विश्लेषण, सूझबूझ और अथक मेहनत रंग लाई। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने पूरी ₹4,00,000 की रकम सुरक्षित बरामद कर ली। बरामदगी के बाद दोनों युवकों कोतवाली बुलाकर औपचारिकताएं पूरी कर रकम सुपुर्द कर दी गई। रकम वापस मिलते ही लंबे समय से चली आ रही उनकी चिंता पल में राहत में बदल गई।
आकिब और जीशान ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और जनसेवा के समर्पण की सराहना करते हुए आभार जताया। पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि भरोसा की डोर कभी नहीं टूटती।

Recent Comments