
पूर्व सैनिक/अर्द्ध सैनिक संवाद कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी, प्रदेश कांग्रेस ने विधायक को बनाया संयोजक
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पौड़ी में आगामी पूर्व सैनिक/अर्द्ध सैनिक संवाद कार्यक्रम की कमान प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी को सौंपी है। यह कार्यक्रम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रदेश दौरे के अंतर्गत 4 जून 2026 को पौड़ी में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधायक विक्रम सिंह नेगी को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया है। गोदियाल ने नेगी से अपेक्षा की है कि वे पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों से तालमेल बनाते हुए कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड में कांग्रेस के बढ़ते कदमों के मद्देनजर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व सैनिकों एवं अर्द्ध सैनिक बलों के भूतपूर्व जवानों से संवाद के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेतागण, सैनिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल होने की उम्मीद है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने आगे बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। संयोजक विक्रम सिंह नेगी पार्टी आलाकमान के निर्देशों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गणेश गोदियाल ने स्वयं इस आयोजन को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का निर्देश दिया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनना, उनकी पेंशन, वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा करना और केंद्र सरकार से उनकी लंबित मांगों को राहुल गांधी के माध्यम से उठाना है।
प्रदेश कांग्रेस ने इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अपील की है कि वे 4 जून को पौड़ी में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटे।

Recent Comments