ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी का 16वां स्थापना दिवस

ग्राफिक एरा परिवार ने मनाया गौरवशाली यात्रा का जश्न

देहरादून ।  ग्राफिक एरा परिवार ने मिलकर संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों, उत्कृष्ट परंपरा और गौरवशाली यात्रा का जश्न मनाया। यह मौका था ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के 16वें स्थापना दिवस का।

आज ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के 16वें स्थापना दिवस पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर डा. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि यह दिन केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि अब तक की उपलब्धियों का  मूल्यांकन करते हुए नए लक्ष्यों की ओर बढ़ना आवश्यक है, क्योंकि भविष्य असीम संभावनाओं से भरा है।

डा. शर्मा ने ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन प्रो. कमल घनशाला की दूरदर्शी सोच, सशक्त नेतृत्व और संस्थान के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रो. घनशाला के नेतृत्व में संस्थान ने न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए हैं, बल्कि नवाचार, गुणवत्ता और वैश्विक दृष्टिकोण के साथ निरंतर प्रगति का मार्ग भी प्रशस्त किया है।

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. नरपिंदर सिंह ने कहा कि ग्राफिक एरा केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार और शोध का सशक्त एवं गतिशील केंद्र है, जो छात्र-छात्राओं को अकादमिक उत्कृष्टता के साथ समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करता है।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. अमित आर. भट्ट ने कहा कि किसी भी संस्थान की असली ताकत उसके लोगों में निहित होती है। उन्होंने शिक्षकों को ज्ञान और प्रेरणा के स्तंभ बताते हुए कहा कि छात्रों के साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव ही संस्थान की आत्मा है। उन्होंने छात्रों को इसकी ऊर्जा, पहचान और भविष्य की दिशा तय करने वाली शक्ति बताया।

कार्यक्रम के दौरान डा. विशाल सागर, डा. हिमानी बिंजोला, डा. अजय सैनी और श्वेता चौहान सहित अन्य शिक्षकों एवं स्टाफ ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान को एक पेशे से बढ़कर एक सार्थक यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि यहाँ का प्रेरणादायी वातावरण, नेतृत्व का मार्गदर्शन और सहकर्मियों व छात्रों के साथ आत्मीय जुड़ाव उन्हें निरंतर सीखने और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर कई शिक्षकों ने गीत गाए और स्थापना दिवस का उत्सव मिलकर मनाया। कार्यक्रम में टीम देवस्थली की उत्तराखंड के लोकनृत्यों की प्रस्तुति के साथ अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विविध प्रस्तुतियों ने उत्सव के माहौल को ऊर्जा, रंग और उत्साह से भर दिया।

समारोह की शुरूआत प्रो चांसलर डा. राकेश कुमार शर्मा, कुलपति डा. नरपिंदर सिंह और डा. अमित आर भट्ट, प्रो वीसी डा. संतोष एस सर्राफ, कुलसचिव डा. नरेश कुमार शर्मा और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के डीन ऑफ एकेडमिक्स डा. प्रमोद एस. नैयर ने दीप प्रज्वलित कर की। स्थापना दिवस के इस मौके पर एक विशाल केक भी काटा गया। कार्यक्रम में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी, डीन, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments