

हर काम देश के नाम,हरेला सप्ताह में सेना का बड़ा अभियान
पिथौरागढ़। हरेला सप्ताह के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमालय के संकल्प को साकार करने के लिए 130 इन्फैंट्री बटालियन प्रादेशिक सेना इकोलॉजिकल कुमाऊँ द्वारा चंडाक के निकट गुनसेरा गांव तथा बुंगाचीना के अगनिया गांव में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत दोनों स्थानों पर कुल 20,000 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों एवं सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण कर हरित भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दिया।
यह अभियान बटालियन द्वारा आयोजित हरेला सप्ताह के अंतर्गत चलाए जा रहे व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का हिस्सा है। सप्ताह भर में 70,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, मृदा संरक्षण को प्रोत्साहित करना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और जनभागीदारी के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


बटालियन ने इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों एवं सहयोगी संस्थाओं के सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। बटालियन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक दायित्व है और प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर है।
हरेला सप्ताह के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। 16 जुलाई 2026 को हरेला पर्व के अवसर पर इसका भव्य समापन किया जाएगा।

Recent Comments