

पंतद्वीप में गंदगी-अतिक्रमण पर कांट्रेक्टर पर 1 लाख जुर्माना
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप और पंतद्वीप पार्किंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, शौचालयों की उपलब्धता और पर्याप्त पेयजल व्यवस्था समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित समय से पूर्व उपलब्ध करा दी जाएं।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित करने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंतद्वीप पार्किंग के निरीक्षण में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने और निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कांट्रेक्टर पर सफाई न रखने पर 50 हजार रुपये और अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर 50 हजार रुपये, कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के लिए अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थल पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश भी मौके पर दिए।

जिलाधिकारी ने उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित न करने और आवंटित संख्या से अधिक दुकानें लगाए जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए मेले का संचालन सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग में अतिक्रमण हटाने के लिए एसपी ट्रैफिक और एसपी सिटी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, उप मेला अधिकारी मंजीत सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण योगेश मेहरा, जल निगम के राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments