

हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं मौके पर पहुंचे।
DM ने भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल स्थित गुरुबख्श विहार और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के पास जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को असुविधा न हो। सभी विभागों को आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने पुलिस और यातायात विभाग को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है वहां जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए। इससे शहर में जाम की स्थिति न बने और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही तुरंत निकासी की कार्रवाई की जाए और आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जाए।
DM मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं और विशेषकर नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की कि लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में सभी सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से गंगा घाटों व नदी किनारों की ओर न जाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को लगातार जागरूक किया जाए और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी और जल निगम के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments